इधर दो वर्षों से नवीन तारकों के सदृश जितने कवि हिन्दी के काव्याकाश में चमकते हुए दीख पड़े, सौंदर्य के सुख-स्पर्श आदी से जिन्होंने मन को वशीभूत कर लिया तथा प्रकाश और दृष्टि दी, श्री गोपाल सिंह नेपाली उन्हीं में से एक हैं। मुझे उनके काव्य में शक्ति, प्रवाह, सौंदर्य-बोध तथा चारु चित्रण एक विशेषता लिये हुए दीख पड़े।...उनमें साहित्य की एक प्रखर प्यास है, जिसके बुझने पर उनकी जाति तथा साहित्य का कल्याण निर्भर है।
— सूर्यकान्त त्रिपाठी 'निराला'
गोपाल सिंह 'नेपाली' की सरस्वती स्नेह, सहृदयता और सौंदर्य की सजीव प्रतिमा हैं।
— सुमित्रानन्दन पन्त
श्री गोपाल सिंह नेपाली' हमारे रस सिद्ध कवि और जनता के हृदयहार।
— रामधारी सिंह 'दिनकर'
गोपाल सिंह 'नेपाली' ...हिन्दी भारती की वीणा का एक तार...प्रवाह समता, भाषा की सरलता, भावों की रागात्मकता उनकी हर रचना में देखी जा सकती है। हिन्दी कविता को जनमानस तक पहुँचाने में उनका अद्वितीय योगदान है।
— हरिवंशराय बच्चन
नेपाली जी की रचनाओं में सहजता और व्यंजना का अद्भुत संयोग देखने को मिलता है।
— नरेन्द्र शर्मा


