सत्य नारायण साबत
सत्य नारायण साबत हिन्दी एवं अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में समान रूप से लेखक हैं। मूलतः पदार्थ विज्ञान से स्नातकोत्तर एवं प्रबन्धन (मानव संसाधन) का अध्ययन करने के बाद भारतीय संस्कृति एवं मानव अधिकार जैसे विषयों के शोध-कार्य में आपकी दिलचस्पी हुई। भारतीय संस्कृति में मानव अधिकार विषय पर लिखा आपका लेख वर्ष 2004 में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा प्रकाशित ‘नई दिशाएँ’ पुस्तक में प्रकाशित हुआ। इसके अलावा इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ ह्यूमन राइट्स, लन्दन में भी वर्ष 2007 में मानवाधिकार विषयक आपका शोध प्रकाशित हुआ। राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पत्रिकाओं में आपके लेख प्रकाशित हो चुके हैं। वर्ष 2006 में आपकी कृति ‘भारतीय संस्कृति में मानव अधिकार की अवधारणा’ को राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया जा चुका है। आप भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ के शान्ति मिशन (कोसोगो) में सराहनीय कार्य के लिए आपको विश्व शान्ति पदक से नवाजा जा चुका है। आप भारत के राष्ट्रपति द्वारा वर्ष 2006 और वर्ष 2014 में अपनी विशिष्ट सेवा हेतु पुलिस पदक से विभूषित किए जा चुके हैं।

Loading, please wait...
