राही मासूम रज़ा
राही मासूम रज़ा का जन्म 1 सितम्बर, 1927 को ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश में हुआ। प्रारम्भिक शिक्षा वहीं हुई, बाद की पढ़ाई अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में, जहाँ से ‘उर्दू साहित्य के भारतीय व्यक्तित्व’ विषय पर पी-एच.डी. की। उसके बाद अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में ही कई वर्षों तक उर्दू साहित्य पढ़ाया। बाद में फ़िल्म-लेखन के लिए बम्बई गए। फ़िल्मों के लिए लिखने के साथ-साथ हिन्दी-उर्दू में समान रूप से सृजनात्मक लेखन किया। बी.आर. चोपड़ा के निर्देशन में बने महत्त्वपूर्ण दूरदर्शन धारावाहिक ‘महाभारत’ के पटकथा और संवाद-लेखक के रूप में प्रशंसित। एक ऐसे कवि-कथाकार, जिनके लिए भारतीयता आदमीयत का पर्याय रही।
उनकी प्रमुख पुस्तकें हैं—‘आधा गाँव’, ‘टोपी शुक्ला’, ‘हिम्मत जौनपुरी’, ‘सीन : 75’, ‘ओस की बूँद’, ‘असंतोष के दिन’, ‘दिल एक सादा काग़ज़’, ‘कटरा बी आर्ज़ू’, ‘नीम का पेड़’ (हिन्दी उपन्यास); ‘मुहब्बत के सिवा’, ‘कारोबारे तमन्ना’, ‘क़यामत’ (उर्दू उपन्यास); ‘मैं एक फेरीवाला’ (हिन्दी कविता-संग्रह); ‘नया साल’, ‘मौजे गुल : मौजे सबा’, ‘रक्से मय’, ‘अजनबी शहर : अजनबी रास्ते’ (उर्दू कविता-संग्रह); ‘अट्ठारह सौ सत्तावन’ (हिन्दी-उर्दू महाकाव्य) तथा ‘छोटे आदमी की बड़ी कहानी’ (जीवनी)।
15 मार्च, 1992 को उनका निधन हुआ।

Loading, please wait...













